चुनावी दौड़भाग से मिली फुर्सत तो मनोज तिवारी ने अपनों के बीच बिताया दिन...

REPORTED BY:- संदीप कुमार 







मनोज तिवारी गायक के साथ साथ अभिनेता भी हैं और सांसद के साथ भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष। आम चुनाव की रणभेरी बजते ही वह भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में पूरे देश में घूमते रहे। इसके बाद 21 अप्रैल को भाजपा ने उन्हें उत्तर-पूर्वी दिल्ली संसदीय सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया। 22 अप्रैल के बाद से वह दिल्ली में ही थे। यहां अब उनका इम्तिहान होना था। इसके लिए उन्होंने दिन-रात एक कर दिए। प्रचंड गर्मी में भी वह अपने चुनाव प्रचार में जुटे रहे। इस दौरान उनका संगीत का रियाज भी छूट गया। खैर रविवार को उनकी परीक्षा हो गई। अब उन्हें परिणाम का इंतजार है, जो 23 मई को आएगा। परीक्षा खत्म होने के बाद जैसे परीक्षार्थी अगले दिन पूरा आराम करते हैं। वैसे ही मनोज तिवारी ने भी पूरा आराम किया।मनोज तिवारी अमूमन देर रात एक-दो बजे तक जागते हैं और सुबह छह बजे तक उठ जाते हैं। लेकिन सोमवार को वह सुबह करीब दस बजे उठे। मदर टेरेसा, क्रिसेंट रोड स्थित सरकारी आवास पर उठने के बाद ट्रेडमिल पर दौड़े। इसके बाद उन्होंने नाश्ते में दलिया लिया। फिर करीब 20 दिन बाद वाद्य यंत्रों के साथ रियाज शुरू कर दिया। इस दौरान मीडियाकर्मी भी घर पर जुटने लगे। रियाज के दौरान ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नया गाना भी सुनाया। इसके बोल थे.वो जनता, जनता उसकी, भारत का ऐतबार है। वो चौकीदार है, वही फौलाद है। दोपहर में रोटी के साथ सोयाबीन और आलू की सब्जी ली। फिर 159, नार्थ एवेन्यू स्थित कार्यालय पहुंच गए। यहां उनके संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों के संयोजक पहुंचे हुए हैं। उन्होंने सभी से रिपोर्ट ली।



इसके बाद संगठन मंत्रियों के साथ बैठक की। फिर वह अपने कर्मचारियों के साथ क्रिकेट खेलने लगे। इसके बाद उन्होंने अपने चुनाव एजेंट अजय महावर से फोन पर बात की। साथ ही अन्य नेताओं से मतदान के बारे में फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि पिछले दिनों में की गई मेहनत के कारण उनका चार किलो वजन कम हो गया। यह अच्छी बात है। उन्होंने बताया कि वह अब भी हर दिन रियाज करते हैं, क्योंकि उनकी कमाई का जरिया यही है। चुनाव प्रचार में व्यस्त रहने के लिए उन्होंने तीन-चार एड फिल्में भी छोड़ दीं। वह राजनीति में सिर्फ सेवा के लिए हैं।