चुनावी दौड़भाग से मिली फुर्सत तो अपनों के बीच बिताया समय ...

संवाददाता :- प्रिंस सोलंकी 


पूर्वी दिल्ली : रविवार को मतदान खत्म होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी शीला दीक्षित ने सोमवार को पूरा दिन जहां परिवार के साथ बिताया। वहीं आप प्रत्याशी दिलीप पांडेय ने कई महीने बाद सोमवार को परिवार के साथ नाश्ता किया। लेकिन बाद में पूरा दिन चुनाव प्रचार में जुटी टीम के साथ बिताया। पांडेय के लिए यह चुनाव काफी लंबा रहा। वह करीब एक साल से उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में मेहनत कर रहे थे। 22 अप्रैल को नामांकन के बाद वह दिन-रात प्रचार में जुटे रहे। वहीं शीला दीक्षित 23 अप्रैल के बाद चुनाव प्रचार में जुटी थीं।निजामुद्दीन ईस्ट स्थित आवास पर शीला दीक्षित सुबह करीब साढ़े सात बजे उठीं। नौ बजे उन्होंने नाश्ता किया। दस बजे के बाद क्षेत्र से आए लोगों से बातचीत शुरू हुई। इसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में हुए मतदान और उनके रुझान पर चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने बालकनी में लगे पौधों के रखरखाव को भी देखा। दोपहर बाद वह अपनी बहन, बेटी और बेटे संदीप दीक्षित के साथ बातचीत करती रहीं। बीच-बीच में किताबों को भी उन्होंने उठाकर देखा। इस दौरान रेडियो पर वह पुराने गीत सुनती रहीं। देर शाम तक वह कांग्रेस नेताओं को फोन पर दिल्ली के सभी सीटों की रिपोर्ट लेती रहीं।



वहीं दिलीप पांडेय रविवार रात करीब 12:00 बजे वसुंधरा, गाजियाबाद स्थित अपने घर पहुंच गए। सुबह करीब आठ बजे उठे। अमूमन दिलीप पांडेय सुबह छह बजे उठते हैं। इसके बाद योग और ध्यान करते हैं, लेकिन चुनावी परीक्षा खत्म होने के बाद थकान इतनी ज्यादा थी कि उनकी नींद देर से खुली। दिलीप पांडेय ने कहा कि कई महीनों के बाद उन्होंने अपने परिवार के साथ नाश्ता किया। परिवार में पत्नी प्रियंका पांडेय, मां विमला मिश्र, बेटा वत्सल पांडेय, बेटी अगम्या पांडेय के साथ नाना प्रह्लाद मिश्र भी हैं। इन सभी के साथ उन्होंने दोपहर 12:00 बजे तक समय बिताया। नाना से उनकी काफी पटती है। दिलीप बताते हैं कि चुनाव प्रचार के दौरान भी वह नाना से वीरता की कहानियां सुनते थे। इससे उनके अंदर नई ऊर्जा पैदा होती थी। दोपहर में घर में खाना खाने के बाद वह यमुना विहार स्थित चुनाव कार्यालय पहुंच गए। यहां उन्होंने सभी मतदान केंद्रों की रिपोर्ट ली। इस पर चर्चा चलती रही। साथ ही मतदान फीसद के आधार पर भी परिणाम का आकलन किया। शाम को चुनाव में साथ देने वाले साथियों के साथ उन्होंने डिनर भी किया। दिलीप पांडेय ने बताया कि चुनाव प्रचार में उनका वजन करीब 3.5 किलो तक कम हो गया।