हिंदूराव अस्पताल में खत्म हुई डॉक्टरों की हड़ताल

REPORTED BY:- दिनेश सोलंकी 


नई दिल्ली : उत्तरी दिल्ली नगर निगम के हिंदूराव  अस्पताल में मंगलवार को वेतन मिलने के बाद डॉक्टरों ने बेमियादी हड़ताल खत्म कर दी। डॉक्टरों को अभी दो माह का ही वेतन मिला है। वे पहले तीन माह का वेतन मिलने के बाद ही हड़ताल खत्म करने पर अड़े हुए थे, लेकिन केंद्रीय मंत्री विजय गोयल और महापौर अवतार सिंह से बातचीत के बाद डॉक्टर हड़ताल खत्म करने के लिए राजी हो गए।



रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजीव चौधरी ने कहा कि हमने वेतन के अलावा अन्य मांगों के लिए भी अस्पताल प्रशासन से बातचीत की थी, जिसके लिए लिखित आश्वासन मिला है। इसलिए सभी ने काम पर वापस लौटने का फैसला किया है। फिलहाल एक माह का वेतन बकाया रह गया है, जो आने वाले सप्ताह में मिलने की उम्मीद है। सोमवार शाम से ही जारी किया गया वेतन:



निगम ने दिल्ली सरकार से पैसा मिलते ही सभी को वेतन जारी करने का काम सोमवार शाम से ही शुरू कर दिया था। मंगलवार की सुबह भी इस पर कार्य किया गया और दोपहर तक विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को वेतन जारी कर दिया गया।मरीजों को हुई परेशानी: दूसरे दिन दोपहर तक चली हड़ताल की वजह से मंगलवार को भी अस्पताल आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दूर-दूर से पहुंचे मरीजों को बिना इलाज के ही वापस लौटना पड़ा।अस्पताल की स्थिति नहीं है ठीक: हंिदूूराव अस्पताल में भले ही हड़ताल खत्म हो गई हो, लेकिन यहां की हालत ठीक नहीं है। अस्पताल में दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक नहीं रहता। कई दवाइयां भी मरीजों को नहीं मिल पाती हैं। जांच के लिए लंबी तारीखें मिलती हैं। सबसे बड़ी समस्या पेयजल को लेकर को है। अस्पताल में पानी की सुविधा बेहतर न होने की वजह से तीमारदारों को वार्ड के बाहर से पानी लाना पड़ता है। नलों की स्थिति भी खराब है।



निगमायुक्त रहीं सक्रिय: हड़ताल खत्म कराने के लिए उत्तरी दिल्ली नगर निगम की आयुक्त वर्षा जोशी काफी सक्रिय रहीं। हड़ताल की जानकारी होते ही पूरा निगम प्रशासन सक्रिय हो गया था।दिल्ली सरकार के अधिकारियों से लगातार संवाद की वजह से सोमवार की शाम को निगम को पहली तिमाही का अनुदान मिल गया। इसके बाद सोमवार शाम से ही सभी विभागों को वेतन भेज दिया गया था। मंगलवार सुबह से वेतन जारी करने का कार्य शुरू हो गया था। दोपहर तक वेतन जारी कर दिया गया।