इफ्तार में लोग ले रहे पकौड़ों का भी स्वाद , जामा मस्जिद के पास वर्षो पुरानी हैं कई दुकानें...

reported by :- संदीप कुमार 


नई दिल्ली : रमजान माह में इफ्तार के समय में रोजा खोलने के दौरान विभिन्न प्रकार की चीजें रोजेदारों को लुभा रही हैं। इसी में शामिल है जामा मस्जिद के पास बिकने वाले पकौड़े, जो हर वर्ष इफ्तार के समय यहां के रोजेदारों की पसंद बनते आ रहे हैं। इसमें सड़क किनारे लगने वाली कुछ दुकानें 20 वर्ष से यहां जायके की नई परिभाषा को गढ़ने का काम कर रही हैं।जामा मस्जिद के गेट नंबर एक पर 20 साल से लोगों को अपने पकौड़े का स्वाद चखा रहे मो.सलीम ने बताया कि रमजान के दिनों में इफ्तार के समय अन्य चीजों के साथ रोजेदार पकौड़ों को भी पसंद करते हैं। विभिन्न प्रकार के पकौड़े लोगों को पसंद आते हैं।



इसमें पनीर, पालक, बैगन, आलू व मिर्ची के पकौड़े लोगों को पसंद आते हैं। दुकानदार ने बताया कि सबसे अधिक लोग कीमा के पकौड़ों को अधिक पसंद करते हैं। यही कारण है कि शाम को इफ्तार के समय यहां भीड़ देखने को मिल जाएगी।खास मसालों से तैयार किए जाते हैं पकौड़े : दुकानदार ने बताया कि पकौड़े को बनाने में विशेष तौर पर पुरानी दिल्ली के मसालों का ही प्रयोग किया जाता है। ये यहां के लोगों की जुबान पर छाए रहते हैं। इसमें लहसुन, अदरक व पीली मिर्च को भी पीसकर मिलाया जाता है जिससे पकौड़े और भी लजीज बन सकें।इसी के साथ कुछ घर के बने मसाले भी इसमें उपयोग किए जाते हैं, वहीं खुद भी रोजा रखे हुए वसीम ने बताया कि इफ्तारी में पकौड़े रोजा खोलने के दौरान पहली पसंद रहते हैं। इसमें अंडे के पकौड़े भी खासतौर पर पसंद किए जाते हैं।



रमजान के सातवें दिन पुरानी दिल्ली में रमजान की रौनक देखने को मिली। शाम 7.03 बजे इफ्तारी के एलान के साथ रोजेदारों ने इफ्तारी की। इसके बाद सभी ने मगरीब की नमाज पढ़ कर देश में अमन व चैन की दुआ मांगी। इस दौरान रोजेदारों ने मस्जिद के बाहर जरूरतमंदों को भी खाने पीने का सामान भी बांटा।