केंद्रीय विद्यालय संगठन ने जीता केस, भूमाफिया ने कोर्ट में दी थी अर्जी..

REPORTED BY :- दिनेश सोलंकी 


पूर्वी दिल्ली : शाहदरा में बनने वाले केंद्रीय विद्यालय के निर्माण में आने वाली तमाम बाधाएं दूर हो गई हैं। कोर्ट द्वारा जारी आदेश के बाद चारदीवारी एवं स्टाफ क्वार्टर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। केंद्रीय विद्यालय भवन के लिए 4 अप्रैल को करीब साढ़े 11 करोड़ का टेंडर पास हो चुका है। आचार संहिता समाप्त होते ही भवन निर्माण का काम भी तेजी से शुरू हो जाएगा।


गौरतलब है कि सांसद मनोज तिवारी के प्रयास के बाद 2016 में शाहदरा में केंद्रीय विद्यालय के भवन का शिलान्यास केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने किया था। कुछ लोगों ने जमीन हड़पने की नीयत से विभिन्न अदालतों में अर्जी देकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस दौरान सांसद मनोज तिवारी को भी पक्ष बनाने की कोशिश की गई, लेकिन भू-माफिया की कोशिश नाकाम हो गई। अदालत से केंद्रीय विद्यालय संगठन ने मुकदमा जीत लिया और सांसद मनोज तिवारी को पक्ष बनाने की अपील को भी कोर्ट ने सिरे से नकार दिया।



सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि 2014 में क्षेत्र की जनता के बीच वह वोट मांगने गए थे। उस समय जनता के बीच से कुछ मुद्दे निकलते थे, जिनमें केंद्रीय विद्यालय का भी था। इसके निर्माण कार्य के लिए भूमि और निर्माण राशि आवंटन का काम करवाया।