पूर्वी दिल्ली नगर निगम चेयरमैन की दौड़ में भाजपा के कई पार्षद आगे..

REPORTED by :- प्रिया शर्मा 


पूर्वी दिल्ली


पूर्वी दिल्ली नगर निगम के दोनों जोन के चेयरमैन व डिप्टी चेयरमैन के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 मई है। इस तिथि तक पार्टी द्वारा प्रत्याशी का चयन कर लिया जाएगा। दोनों जोन में भाजपा बहुमत में है। इसलिए पार्टी जिसे अपना उम्मीदवार बनाएगी, उसका चुना जाना तय है। अधिसूचना जारी होते ही भाजपा के पार्षद पद पाने की दौड़ में जुट गए हैं। वह अपना गणित फिट करने में लगे हैं। प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय नेताओं तक उनकी दौड़ जारी है। निगम सूत्रों का कहना है कि जोन चेयरमैन की दौड़ में कई नेता आगे चल रहे हैं। हालांकि कई नेता ऐसे हैं जो स्थायी समिति चेयरमैन के लिए भी जुगत भिड़ा रहे हैं, अगर वहां से उन्हें निराशा हाथ लगती है तो वह जोन के चेयरमैन के लिए भी अपनी दावेदारी जता रहे हैं।



शाहदरा उत्तरी जोन में जहां जोन चेयरमैन व डिप्टी चेयरमैन का चुनाव होगा, वहीं स्थायी समिति के लिए भी एक सदस्य चुना जाएगा। यहां से जो स्थायी समिति का सदस्य चुना जाएगा, उसकी स्थायी समिति चेयरमैन पद पर मजबूत दावेदारी होगी। शाहदरा उत्तरी जोन चेयरमैन के लिए राजकुमार बल्लन और सचिन शर्मा की मजबूत दावेदारी है। पिछले वर्षों से लगातार जोन चेयरमैन बन रहे प्रमोद गुप्ता की प्राथमिकता स्थायी समिति चेयरमैन बनने की बताई जा रही, लेकिन अगर यहां दावेदारी कमजोर होती है तो उनकी जोन चेयरमैन की हैट्रिक के लिए भी दावेदारी रहेगी। गुप्ता दो साल से शाहदरा उत्तरी जोन के चेयरमैन हैं। स्थायी समिति के लिए जहां निवर्तमान चेयरमैन सत्यपाल सिंह अपनी दूसरी पारी के लिए प्रयासरत हैं, वहीं पूर्व चेयरमैन प्रवेश शर्मा भी एक और पारी पूरी करना चाहते हैं। इस बार शाहदरा उत्तरी जोन से ही स्थायी समिति का चेयरमैन चुना जाना तय है। इस इलाके से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी सांसद हैं। तीनों दावेदार उनके चहेते बताए जाते हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस बार जो भी चेयरमैन बनाए जाएंगे, उनका कद वोटों से नापा जाएगा। जिसके वार्ड में पार्टी को मजबूती मिलेगी, उसकी दावेदारी मजबूत हो जाएगी। इसलिए 23 मई को आने वाले लोकसभा चुनाव परिणाम चेयरमैन की दावेदारी को और पुष्ट करेंगे। दूसरे जोन और अन्य समितियों के चेयरमैन भी इस बार वोटों के आधार पर ही तय किए जाएंगे कि उनके वार्ड में पार्टी को कितने वोट मिले और कितनी बढ़त मिली। शाहदरा दक्षिणी जोन में चेयरमैन की दौड़ में कई पार्षद आगे बताए जा रहे हैं। इसमें राजीव चौधरी, हिमांशी पांडेय, गो¨वद अग्रवाल और संदीप कपूर का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। इसके अलावा निवर्तमान चेयरपर्सन कंचन महेश्वरी की दावेदारी भी मजबूत है।


जोन के बाद शिक्षा समिति चेयरमैन पद पर होगी दावेदारी: जोन के साथ ही शिक्षा समिति चेयरमैन पद के लिए पार्षदों की दावेदारी होगी। जोन के साथ-साथ यह समिति भी महत्वपूर्ण मानी जाती है। अभी शिक्षा समिति के चेयरमैन राजकुमार बल्लन हैं। इस समिति के चुनाव के लिए भी अधिसूचना जारी हो चुकी है। 29 मई को शिक्षा समिति के लिए नामांकन की अंतिम तिथि है।