निगम ने दो अवैध कोचिंग सेंटरों को किया सील,37 कोचिंग सेंटर पर नजर ..

REPORTED by :- प्रिंस सोलंकी 


पूर्वी दिल्ली : गुजरात के सूरत स्थित एक कोचिंग सेंटर में आग लगने और उसमें कई की मौत के बाद पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने अवैध रूप से चल रहे दो कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया है। इसके पहले निगम ने 37 कोचिंग सेंटर संचालकों को नोटिस भेजा था और अब शुक्रवार से उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि समय पर पुलिस फोर्स नहीं मिलने की वजह से कार्रवाई ठीक से नहीं हो पाई।



निगम कर्मचारी से लेकर अधिकारी सुबह से पुलिस फोर्स का इंतजार करते रहे, लेकिन ढाई बजे उन्हें पुलिस बल मिला। जिससे तीन कोचिंग सेंटरों तक ही निगम दस्ता पहुंचा। निगम दस्ता गुरुनानकपुरा में एक कोचिंग सेंटर पर पहुंचा, लेकिन इसे खाली किया जा चुका था। इसके अलावा संपत्ति मालिक द्वारा आनन-फानन में एक लाख 39 हजार रुपये का जुर्माना भी जमा करवा दिया गया, जिससे इसे सील नहीं किया गया। अन्य जगह पहली और दूसरी मंजिल पर कोचिंग सेंटर चल रहा था। जिसे निगम से नोटिस मिलने के बाद बंद कर दिया गया था, लेकिन कन्वर्जन शुल्क व जुर्माना जमा नहीं करवाया था। जिससे इसे सील कर दिया। सीलिंग के दौरान निगम दस्ते को हल्के विरोध का भी सामना करना पड़ा। निगम दस्ता विजय ब्लॉक पहुंचा, यहां कोचिंग सेंटर नियम का उल्लंघन कर चलाया जा रहा था।



नोटिस के बाद इसे भी खाली कर दिया था, लेकिन यहां भी सीलिंग की गई। एक संपत्ति मालिक ने निगम दस्ते से यह कहा कि उन्हें नोटिस नहीं दिया गया है, लेकिन निगम अधिकारियों ने बताया नोटिस के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से भी निगम अधिकारियों द्वारा कोचिंग सेंटर संचालकों को नोटिस की जानकारी दी गई थी। इन दोनों कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई की वजह यह थी कि ये पांच मीटर की गलियों में बने मकानों में चल रहे थे। कोचिंग सेंटर के लिए न्यूनतम छह मीटर चौड़ी सड़क का प्रावधान है। इसके साथ ही कोचिंग सेंटर चलाने के लिए निगम में कन्वर्जन शुल्क भी जमा करवाना जरूरी है।