शाहदरा केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि पूजन:-

Reported by:- संदीप कुमार 


पूर्वी दिल्ली : शाहदरा में केंद्रीय विद्यालय बनने का रास्ता साफ हो गया है। रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने केंद्रीय विद्यालय के भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। करीब ढाई एकड़ में नौ करोड़ रुपये की लागत से चार मंजिला भवन का निर्माण होगा। इसमें एक साल का समय लग सकता है। भवन के साथ बचे हुए हिस्से में बच्चों के खेलने के लिए मैदान भी विकसित किया जाएगा।



2016 में तत्कालीन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने केंद्रीय विद्यालय का शिलान्यास किया था, लेकिन बार-बार भूमाफिया की ओर से अवरोध पैदा करने की कोशिशें हुईं। कुछ लोग अदालत भी पहुंच गए, इस वजह से इसमें देरी हुई।



केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि पूजन करते हुए सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आज का दिन इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है, इसीलिए मैंने केंद्रीय विद्यालय भवन निर्माण के भूमि पूजन के लिए इसे चुना है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर यह शुभ कार्य किया जा रहा है। उन्हें एक प्रखर राष्ट्रवादी और कट्टर देशभक्त के रूप में याद किया जाता है। हमारे संसदीय क्षेत्र में अब से पहले कोई भी केंद्रीय विद्यालय नहीं था, आगामी एक वर्ष में न सिर्फ शाहदरा का केंद्रीय विद्यालय क्षेत्र के बच्चों का बेहतर भविष्य बनाएगा, बल्कि दो अन्य केंद्रीय विद्यालयों का निर्माण आने वाले कुछ ही वर्षों में हम पूरा करेंगे।


उन्होंने कहा कि हमें दुख है कि जो विद्यालय एक वर्ष पूर्व छात्रों को समर्पित होना चाहिए था, क्षेत्र के कुछ लोगों ने इसमें बार बार रुकावट पैदा कर देरी करवा दी।



इस मौके पर प्रदेश मंत्री मीनाक्षी, जिलाध्यक्ष अजय महावर, कैलाश जैन, महामंत्री मास्टर विनोद कुमार, उपाध्यक्ष आकाश तिवारी, राजेंद्र अग्रवाल, मीडिया विभाग के प्रदेश प्रमुख अशोक गोयल, सहप्रमुख आनंद त्रिवेदी, जोन चेयरमैन प्रवेश शर्मा, पार्षद सचिन शर्मा, अजय शर्मा, सुमनलता नागर, रीना कटारिया केके अग्रवाल, पुनीत शर्मा, भाजपा नेता जयभगवान गोयल, पूर्व उपमहापौर दिव्य जायसवाल, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता यशपाल गुप्ता, कार्यपालक अभियंता बीआर सिंह, सहायक अभियंता प्रेम प्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।