विजिलेंस करेगी दुर्गापुरी चौक फ्लाईओवर की जांच

Reported by :- संदीप कुमार 


 पूर्वी दिल्ली: दुर्गापुरी चौक के पास लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के नत्थू कॉलोनी फ्लाईओवर की धंसी सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा हो गया है। अब वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है, लेकिन भारी वाहन अब भी वर्जित हैं। फ्लाईओवर के आरंभ में लो-हाई बैरियर लगा दिए गए हैं, जिससे भारी वाहन फ्लाईओवर पर प्रवेश न कर सकें। फ्लाईओवर के निर्माण में हुई लापरवाही की जांच विजिलेंस कमेटी द्वारा की जाएगी।



इस खबर को सबसे पहले आठ फरवरी माह में दर्द-ए-दिल्ली समाचार पत्र में  प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके अगले ही कुछ  दिन बाद  विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। मरम्मत कार्य के चलते नंद नगरी से दुर्गापुरी की ओर वाले मार्ग को बैरिकेड लगाकर बंद रखा गया। दुर्गापुरी से नंद नगरी वाले मार्ग पर दोनों ओर के वाहनों का आवागमन हुआ। इस कारण यहां दिनभर जाम की स्थिति भी बनी रहती थी। यहां के लोगों का कहना है कि इस फ्लाईओवर को बने हुए अभी करीब नौ वर्ष ही हुए हैं, फिर भी इस फ्लाईओवर की सड़क बार-बार धंस जाती है।



25 अगस्त 2009 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित द्वारा पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल व स्थानीय विधायक वीर सिंह धींगान की उपस्थिति में इस फ्लाईओवर के निर्माण कार्य का शिलान्यास गया था। 2011 में यह बनकर तैयार हो गया, जिसके बाद पीडब्ल्यूडी ने इस फ्लाईओवर की देखरेख की जिम्मेदारी एक निजी कंपनी तो सौंप दी थी। पिछले कुछ महीनों में इस फ्लाईओवर की सड़क कई बार अलग-अलग जगह से धंस चुकी है। अब फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य निजी कंपनी ही करवा रही है। स्थानीय निवासी राजकुमार प्रजापति ने बताया मरम्मत के बाद भी सड़क के ऊपर से जब गाड़ी गुजरती है तो झटका महसूस होता है। अभी भी सड़क का वह हिस्सा पूरी तरह पक्का नहीं हुआ है, इसलिए भारी वाहनों पर अभी प्रतिबंध लगा हुआ है।