बच्चों के मुताबिक शिक्षा मंत्री ने बदली स्कूलों की सूरत

भाजपा के आरोपो के बीच उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मीडिया को यमुनापार के दो स्कूलों का दौरा कराया। इस दौरान सिसोदिया ने कहा कि स्कूलों में पैसे खर्च हो रहे हैं तो सुविधाओं में भी बढोतरी हो रही है। इस दौरान बच्चों ने कहा- अब उनके स्कूल की सूरत बदल गई है।



मनीष सिसोदिया सबसे पहले अपनी विधानसभा क्षेत्र के वेस्ट विनोद नगर राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय गए। कभी यह स्कूल दिल्ली के बदनाम सरकारी स्कूलों में शामिल होता था। मगर अब हालात बदल चुके हैं। इस स्कूल को मॉडर्न स्कूल बनाया गया है। यहां स्मार्ट क्लास रूम, वातानुकूलित कंप्यूटर रूम, बेहतरीन पुस्तकालय हैं।


इसी स्कूल की 12 वी कक्षा में पढ़ने वाली छात्र संस्कृति ने बताया कि वह यहां छह साल से पढ़ रही हैं। पहले यहां गंदे क्लास रूम, व डेस्क होते थे, मगर अब सब बदल गया है। बच्चों ने बताया कि पहले यहां पंखे मुड़े हुए व खराब थे,  मगर अब सब कुछ ठीक है। इसके बाद सिसोदिया ने मंडावली के सर्वोदय विद्यालय टीम को भी मीडिया को दिखाया।