मनोज तिवारी का बड़ा बयान कहा- केजरीवाल के पापों से हुई यमुना मैली

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने आज सोनिया विहार के यमुना घाटों की सफ़ाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश निशंक पोखरियाल की बेटी आरुषि निशंक पोखरियाल, शाहदरा उत्तरी क्षेत्र के ज़ोन चेयरमैन प्रवेश शर्मा, उत्तर पूर्वी जिला अध्यक्ष अजय महावर, मीडिया विभाग के प्रदेश सह प्रमुख आनंद त्रिवेदी सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



यमुना घाटों का निरीक्षण करने के बाद मनोज तिवारी ने कहा की दिल्ली के सैकड़ो वर्ष के इतिहास की गवाह जीवनदायिनी यमुना में अपार जल संपदा मौजूद है लेकिन फिर भी दिल्ली के लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। यह दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल का निकम्मापन और जल बोर्ड की अकर्मणयता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विडंबना है कि जो यमुना नदी वज़ीराबाद बैराज तक पवित्र यमुना है वही यमुना बैराज पार करते ही केजरीवाल के पाप कर्मों से मैली हो जाती है। ओखला पहुंचते-पहुंचते नदी के पूरे अस्तित्व को ही मिटाने का षड्यंत्र केजरीवाल की नाक के नीचे चल रहा है।



सांसद मनोज तिवारी ने कहा की यमुना के अस्तित्व को बचाने के लिए और दिल्ली के करोड़ों लोगों की प्यास बुझाने के लिए अब ज़रूरी है कि दिल्ली और यमुना नदी को केजरीवाल के साये से मुक्त किया जाए। ये काम दिल्ली की जनता करेगी और दिल्ली के बीचों-बीच बह रही यमुना नदी की पवित्रता इसके घाटों की सुंदरता के लिए केंद्र सरकार पहल करेगी। और यमुना नदी का स्वरूप तैयार किया जाएगा जो ना सिर्फ़ दिल्ली वासियों की प्यास बुझाएगी बल्कि पूरे विश्व के लोगों को पर्यटन के लिए अपनी ओर आकर्षित करेगी।



हालांकि इस अवसर पर आरुषी निशंक ने कहा की मैं आज आश्चर्य चकित हूँ कि पहाड़ों से निकलने वाली यमुना दिल्ली के द्वार तक इतनी सुंदर है और चंद क़दम आगे जाकर किसके पापों से इसका सुंदर स्वरूप किसी नाले से भी बदतर हो जाता है। उन्होंने कहा कि यमुना की पवित्रता और सुंदरता को बनाए रखने के लिए सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से निरंतर अभियान चलाने की ज़रूरत है और इसके बजूद को बचाए रखने के लिए दिल्ली वासियो के सहयोग की।