भाजपा में शामिल होने का उद्देश्य भष्टाचार के खिलाफ लडाई--कपिल मिश्रा

नई दिल्लीः दिल्ली सरकार के पूर्व जल मंत्री कपिल मिश्रा और आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता व महिला इकाई के अध्यक्ष रिचा पांडे ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिल्ली भाजपा के प्रभारी श्याम जाजू , दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, प्रदेश सदस्यता प्रमुख व महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने उनका स्वागत किया। इस  मौके पर श्याम जाजू ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जिस दिन सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे, उसी दिन कपिल मिश्रा ने उनका विरोध शुरू कर दिया था। मनोज तिवारी ने कहा कि आप जिस उद्देश्य को लेकर बनी थी, आज वह मकसद ही खत्म हो गया है। केजरीवाल के तानाशाही रवैए और जनविरोधी नीतियों से न केवल दिल्ली के लोग परेशान हैं बल्कि उनकी पार्टी में रहने वाले भी एक-एक करके उनका साथ छोड़ रहे हैं।



     कपिल मिश्रा ने कहा कि वह भाजपा में इसलिए शामिल हो रहे हैं जिससे कि वह खुलकर भारत माता की जय बोल सकें और भ्रष्टाचार व टुकड़े-टुकड़े गैंग के खिलाफ लड़ाई लड़ सकें। उन्होंने कहा कि विधायक होने से ज्यादा गर्व का बात भाजपा कार्यकर्ता होने पर हैं। कपिल मिश्रा ने बताया कि उनकी माता पूर्व महापौर अन्नपूर्णा मिश्रा ने कई बार समझाया था, लेकिन ठोकर खाने के बाद बात उनकी समझ में आ गई। केजरीवाल को महिला विरोधी बताते हुए रिचा ने कहा कि आप में अपनी बात कहने की भी आजादी नहीं है। अब भाजपा में शामिल होकर उन्हें लग रहा है कि जो वैकल्पिक राजनीति की तलाश में वे थी अब भाजपा में आकर उनकी तलाश पूरी हो गई।