दिल्ली का दिल है यमुना, इसे प्रदूषित होने से बचायें...मनोज तिवारी

पूर्वी दिल्लीः सोनिया विहार दूसरा पुस्ता पर स्वच्छ यमुना कैंपेन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी लोकसभा सांसद मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे। इस अवसर पर सांसद मनोज तिवारी ने कार्यक्रम में शामिल सभी बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवनदायिनी यमुना के बगैर दिल्ली का इतिहास अधूरा है। दिल्ली का दिल है यमुना इसे प्रदूषित होने से बचाना होगा। दिल्ली के करोड़ों लोगों की प्यास बुझाने के लिए यमुना का जीवंत रहना अत्यंत आवश्यक है। जो यमुना वजीराबाद बैराज से पहले निर्मल अविरल बहती है। वह इससे आगे प्रशासनिक उदासीनता के पाप से मैली हो जाती है और दिल्ली की प्यास बुझा कर जीवन देने वाली यमुना का पानी इतना जहरीला हो जाता है कि लोगों में कैंसर जैसी बीमारियों का कारण बन जाता है। मनोज तिवारी ने कहा कि हमने कई वर्षों से यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए लोगों को जागरूक किया और यह अभियान निरन्तर जारी है। इसके साथ वर्ष में कई बार स्वयं सांकेतिक श्रमदान करके यमुना स्वच्छता के अभियान में रुचि रखने वालों का हौसला बढ़ाया जाता है। इस प्रयास में कार्यकर्ताओं के अलावा कई सामाजिक संस्थाओं और प्रतिष्ठित लोगों का हमें भरपूर सहयोग मिला है। इस वर्ष भी इस अभियान को दिल्ली के 40 प्रतिष्ठित विद्यालयों के हजारों छात्रों का साथ मिला है।



   उन्होंने यमुना तट पर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लेकर पहुंचे हजारों बच्चों को प्लास्टिक मुक्त दिल्ली अभियान को भी सफल बनाने की शपथ दिलाई साथ ही कहा कि प्लास्टिक से बनी वस्तु को हमने अपने जीवन में अपनी मजबूरी बना लिया है लेकिन यही वस्तुएं उपयोग के बाद जब कच्चा बन  कर यहां वहां फेंकी जाती हैं तो उपजाऊ भूमि को बंजर और भूजल को जहरीला   बना देती हैं। इस केमिकल के प्रभाव और जहरीले भूजल से कई गंभीर बीमारियां हो रही हैं  जो जानलेवा साबित हो रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीवन की रक्षा के लिए प्लास्टिक के बहिष्कार का अभियान शुरू किया है। अभियान को सफल बनाने में दिल्ली के हजारों बच्चे ब्रांड एम्बेस्डर की भूमिका निभा रहे हैं।



    इस मौके पर स्कूल समूह संस्थाओं के अध्यक्ष ज्योति अरोड़ा, अलका कपूर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय महावर, जॉन चेयरमैन प्रवेश शर्मा, पार्षद सुषमा मिश्रा, पार्षद नीता बिष्ट, पार्षद सत्यपाल सिंह, मीडिया विभाग के प्रदेश सह प्रमुख आनंद त्रिवेदी, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ यूके चौधरी, पूर्व विधायक कपिल मिश्रा, मंडल अध्यक्ष राजकुमार झा, यज्ञदत्त शर्मा, सभापुर आरडब्लूए अध्यक्ष  त्रिलोचन सिंह, सांसद सचिव अंबिकेश पांडे, राजकुमार श्रीवास्तव, संजीव चौधरी व कई भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।