महिला सुरक्षा और ट्रांसजेंडर समुदाय का सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता - राजेंद्र पाल गौतम

नई दिल्लीः कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने दिल्ली में महिला सुरक्षा पर चर्चा करने के लिए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल से मुलाकात की। "दिल्ली महिला आयोग द्वारा किए गए कार्यों की पूरे देश में सराहना की जा रही है। जिस तरह आयोग ने देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया और लड़कियों को मानव तस्करी से बचाया, उससे दिल्ली महिला आयोग के कामों की चर्चा हर जगह हो रही है। राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि आगामी वर्षों में, हम चाहते हैं कि राजधानी में महिलाएं अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस करें और सशक्त हो।  घरेलू हिंसा के मामलों पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है और पीड़ितों की सुरक्षा भी सरकार की जिम्मेदारी है।



    इस चर्चा में महिला सुरक्षा के अलावा, कैबिनेट मंत्री ने ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण पर जोर दिया। "ट्रांसजेंडर समुदाय बहुत लंबे समय से उपेक्षित है।  कई तरह की प्रताड़ना और बहिष्कार झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि हमें ट्रांसजेंडर समुदाय के संरक्षण और सशक्तिकरण की दिशा में काम करने की आवश्यकता है। ट्रांसजेंडर समावेश और समानता हमारे लिए महत्वपूर्ण है। दिल्ली महिला आयोग जमीनी स्तर पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उसके विस्तार पर काम कर रहा है।



        स्वाति मालीवाल ने कहा "हमारी दिल्ली महिला आयोग की टीम मंत्री राजेंद्र पाल गौतम के साथ काम करने के लिए उत्साहित है। एक वकील और  सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उनका अनुभव आयोग को नई गति देगा और नई योजनाओं के जरिए महिला सुरक्षा को और बेहतर करने में मदद मिलेगी।